शामली। मेरठ-करनाल हाईवे पर एमएस फार्म से लेकर टपराना बाईपास तक सड़क निर्माण का लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड शामली ने टेंडर छोड़ दिया। अगले माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। मेरठ- करनाल हाईवे का एम एस फार्म से लेकर सिंभालका तक बरसात खत्म होने के बाद निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। सड़क निर्माण के लिए बरसात खत्म होने का इंतजार किया जा रहा है।
मेरठ-करनाल हाईवे का शहरी क्षेत्र का एमएस फार्म से लेकर टपराना बाईपास तक सड़क निर्माण के लिए बागपत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से दो करोड़ पांच लाख रुपये की धनराशि का ड्राप्ट लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड शामली को दिया गया था। लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण के लिए आनलाइन टेंडर छोड़ दिया है। अगले माह अक्तूबर माह में टेंडर खुल जाएगा। अनुबंध प्रक्रिया के बाद अगले माह सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह ने बताया कि मेरठ- करनाल हाईवे के सिंभालका से लेकर एमएस फार्म तक सड़क निर्माण के लिए बरसात खत्म होने का इंतजार किया जा रहा है।
बरसात खत्म होने के बाद लगातार तीन दिन धूप निकलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिंभालका उपरिगामी पुल से लेकर टपराना में एक लेयर सड़क का निर्माण किया जाएगा। मेरठ- करनाल हाईवे के शहरी क्षेत्र के हिस्से की सडक निर्माण होने से आने जाने की सुविधा मिलेगी।