शामली। आल इंडिया आर्गेनाइजेशन केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर दवा विक्रेताओं ने प्रतिष्ठान बंद रखे। दिल्ली में जंतर-मंतर पर जाकर धरना-प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उधर, शामली केमिस्ट एसोसिएशन ने बंद का विरोध करते हुए अपने प्रतिष्ठान खोले रखे।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तोमर, कोषाध्यक्ष कुलदीप कुमार गोयल और महामंत्री दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण दवा विक्रेताओं ने विरोध प्रकट किया। यदि दवाओं की ऑनलाइन बिक्री हुई, तो दवा उद्योग बंद हो जाएगा और नशीली दवा का प्रचलन बढ़ेगा।
जंतर मंतर दिल्ली पर धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शामली से सुभाष तोमर, दीपक गुप्ता, कुलदीप कुमार, पवन कुमार, योगेश कुमार, अमित जिंदल, संजय अग्रवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे। उन्होंने बताया कि शामली के अलावा कांधला, कैराना, थानाभवन और झिंझाना के दवा विक्रेताओं ने भी प्रतिष्ठान बंद करके विरोध प्रकट किया।
उधर, शामली केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष देवराज सिंह मलिक ने बताया कि हमारे राष्ट्रीय संगठन के पदाधिकारियों ने केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग से इस मुद्दे पर वार्ता कर समाधान करा लिया। ऑनलाइन प्रक्रिया को लागू नहीं करने पर नौ अक्तूबर को सहमति बन चुकी है। इस लिहाज से दवा व्यापार को बंद रखने का कोई औचित्य ही नहीं था। इसी कारण उनके संगठन से जुड़े लोगों ने अपने प्रतिष्ठान खोले रखे।