शामली/कैराना/कांधला। लॉकडाउन में मुहर्रम को लेकर डीएम व एसपी ने कैराना, कांधला और गंगेरू में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिले में मुहर्रम पर कहीं पर भी सामूहिक कार्यक्रम नहीं होना पाया गया।
रविवार को डीएम जसजीत कौर व एसपी विनीत जायसवाल कस्बा कैराना में किलागेट चौकी पर पहुंचे। उन्होंने सीओ कैराना प्रदीप सिंह और कोतवाल प्रेमवीर राणा से मुहर्रम के जुलूस को लेकर जानकारी ली। सीओ ने बताया कि कस्बे में मुहर्रम के सभी जुलूस निरस्त है और कोई भी सामूहिक कार्यक्रम नहीं हो रहा है। इस बारे में धर्मगुरुओं से वार्ता कर ली गई है। ड्रोन से भी निगरानी कराई जा रही है । दोनों अधिकरियों ने पुलिस बल के साथ कस्बा कैराना में भ्रमण करते हुए कहा कि लॉकडाउन में कोई भी व्यक्ति अनावश्यक घर से बाहर न निकले, जो लोग नियमों का उल्लंघन करते पाए जाते है, उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इसके बाद दोनों अधिकारी सीओ कैराना के साथ कस्बा कांधला पहुंचे। थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह मयूर सिनेमा तिराहे पर फोर्स के साथ मौजूद मिले। अधिकारियों ने कस्बे में मुहर्रम के बारे मे जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि कस्बा कांधला और गंगेरू मे सभी कार्यक्रम निरस्त हैं और लोग अपने घरों में ही रहकर मुहर्रम की औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। इसके बाद डीएम व एसपी ने गंगेरू में इमामबाड़े पहुंचे। इमामबाड़े में मुतवल्ली ने कहा कि कोई भी कार्यक्रम सामूहिक रूप से नहीं किया गया।
---------
पुलिस ने बाइक मार्च निकाला
कैराना। रविवार को मोहर्रम की 10 तारीख पर सीओ प्रदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बाइकों से कस्बे के शामली स्टैंड, बेगमपुरा, चौक बाजार, बिसातियान, ईदगाह, जामा मस्जिद, अफगानान, तीतरवाड़ा चुंगी, कांधला तिराहा आदि में मार्च किया। इसके अलावा खादर क्षेत्र के गांव खुरगान, मलकपुर, मंडावर आदि गांवों में भी बाइक मार्च किया और लोगों से शांति बनाए रखने और घरों में रहने की अपील की।