मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में गड़बड़ी का आरोप एरटी गांव के अलीहसन ने लगाया है। ग्राम पंचायत सचिव पर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। डीएम ने मामले पर जांच बैठा दी है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
एरटी गांव के अलीहसन का कहना है कि उसने 14 अक्तूबर 2025 को अपनी दो बेटियों नसरीन और सायरा के विवाह के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में आवेदन किया था। आरोप है कि उस समय ग्राम पंचायत सचिव ने आवेदन यह कहते हुए निरस्त कर दिया कि पहले से ही अधिक आवेदन आ चुके हैं, इसलिए इस बार शामिल नहीं किया जा सकता।
पीड़ित के अनुसार, मजबूरी में उसने अपनी एक बेटी नसरीन की शादी कर्ज लेकर कर दी। इसके बाद दूसरी बेटी सायरा के विवाह के लिए दोबारा योजना में आवेदन किया। आरोप है कि इस दौरान ग्राम पंचायत सचिव ने 20 हजार रुपये की मांग की। पैसे देने से मना करने पर सचिव ने कथित रूप से गलत रिपोर्ट लगाते हुए सायरा को शादीशुदा दर्शा दिया और योजना से अपात्र कर दिया।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ कार्रवाई करने और बेटी सायरा को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। उधर, सचिव ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। जिलाधिकारी अरविंद कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।