शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में सिलावर बाईपास के निकट तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे से आतंकित करते हुए शिक्षक से बाइक लूट ली और फरार हो गए।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव सिलावर निवासी प्रवीण तरार प्राइवेट शिक्षक है। वह गांव में और शामली में छात्रों को कोचिंग देता है। सोमवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे वह बाइक पर सवार होकर शामली से अपने गांव जा रहा था। जब वह सहारनपुर रोड पर स्थित निजी अस्पताल से आगे सिलावर बाईपास के निकट पहले से खड़े तीन बदमाशों ने उसे डंडा दिखाकर रोक लिया। तीनों बदमाश मुंह पर कपड़ा लपेटे थे। बदमाशों ने तमंचे से गोली मारने की धमकी देकर शिक्षक से बाइक लूट ली और फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।