शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिंभालका में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका की मां ने दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव सिंभालका निवासी कोमल पत्नी अरुण कुमार की शनिवार रात को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। रविवार सुबह इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के मायके वालों को जानकारी दी। मृतका के परिजनों ने सिंभालका पहुंचकर ससुराल पक्ष पर दहेज में कार की मांग पूरी न होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतका की मां गीता देवी निवासी जोनमाना थाना बड़ौत जिला बागपत की तरफ से दी गई तहरीर पर पुलिस ने पति अरुण, जेठ अंकित व जेठानी रूमा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतका की मां ने बताया कि उसकी बेटी की शादी 2016 में अरुण के साथ हुई थी। उसकी करीब तीन साल की बेटी है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में कार की मांग को लेकर उसकी बेटी को परेशान कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी। कोतवाली प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने की बात जानकारी में आई है। जब पुलिस पहुंची शव को नीचे उतारा जा चुका था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।