शामली। प्रदेश सरकार की शादी अनुदान योजना बेटियों के लिए कारगर साबित हो रही है। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है।
शादी अनुदान योजना बेटी की शादी के लिए पात्र आवेदकों को 20 हजार रुपये की सहायता प्रदान करती है। यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है। आवेदन के बाद संबंधित विभाग समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण या अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन करता है, जिसके बाद धनराशि स्वीकृत की जाती है। समाज कल्याण अधिकारी रीतू रस्तोगी ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में अनुसूचित जाति वर्ग की 78 और आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग की 21 बेटियों को 20-20 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके अलावा नए 51 लोगों ने योजना का लाभ लेने किए आवेदन किए है, जिनकी प्रक्रिया चल रही है।
बोलीं लाभार्थी :
शहर के मोहल्ला बड़ीआल निवासी अनिता रानी ने बताया कि उसने विभाग में योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। उन्हें योजना का लाभ मिलने पर मदद मिली है।
ऊंचा गांव निवासी रीना ने बताया कि शादी अनुदान योजना सरकार की अच्छी योजना है। इस योजना का उन्हें लाभ मिला है।