शामली। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि शामली में छह और मुजफ्फरनगर में 18 धान खरीद केंद्र बनवाए गए हैं। शामली जिले में एक भी केंद्र पर धान की खरीद न होने पर उन्होंने विपणन अधिकारी को तलब कर लिया।
संजीव बालियान ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से किसानों के लिए जारी की जा रही धनराशि को उत्तर प्रदेश सरकार की लापरवाही की वजह से किसानों तक नहीं पहुंचाया जा रहा है। बताया कि ओलावृष्टि से नुकसान की भरपाई के लिए 2800 करोड़ रुपये भिजवाए गए थे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसानों का पूरा गन्ना मूल्य भुगतान हो चुका है, यूपी में ही किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। वहीं, धान खरीद को लेकर उन्होंने कहा कि यूपी के खाद्य सचिव से बात हुई थी, जिसके बाद मुजफ्फरनगर में 18 और शामली जिले में छह खरीद केंद्र बनवाए गए हैं।
खरीद केंद्र चालू नहीं होने पर उन्होंने तभी जिला विपणन अधिकारी को कॉल की। उनसे पूछा कि अब तक केंद्रों पर धान की खरीद क्यों नहीं हुई। उन्होंने निर्देश दिया कि धान खरीद केंद्र कब चालू हुए और कितना धान खरीदा गया, इसकी पूरी रिपोर्ट बनाकर भिजवाएं।