शामली। धनतेरस पर मंगलवार को शहर के बाजार गुलजार रहे। बर्तन, ऑटोमोबाइल्स, इलेक्ट्रानिक्स, कपड़े, रेडीमेड कपड़ों के शोरूम और घर की साज सज्जा वाले सामानों की दुकानों पर ग्राहकों की काफी भीड़ रही। त्योहार पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मंगलवार को धनतेरस पर खरीदारी करने के लिए सुबह से बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। गांधी चौक, नया बाजार, बड़ा बाजार और शिव चौक को दुल्हन की तरह सजाया गया। दुकानों के बाहर रास्ते पर भी सजावट कराई गई थी। धनतेरस पर बर्तन और ज्वैलरी खरीदना शुभ माना जाता है।
नतीजतन इन दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ शाम तक लगी रही। वहीं, इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर टीवी फ्रिज, मशीन आदि की खरीदारी की। ऑटोमोबाइल के शोरूमों पर भी ग्राहकों ने धनतेरस के शुभ दिन पर वाहनों की खरीदारी की। ग्राहकों की भीड़ देखते हुए सभी दुकानदारों के चेहरे खुशी से खिले नजर आए।
ऑटोमोबाइल के शोरूमों पर जमकर हुई वाहनों की बिक्री
शहर में हीरो, यामाहा, होंडा, टीवीएस और बजाज के शोरूम पर सुबह से ही ग्राहक पहुंचने लगे थे। शाम तक सभी शोरूम से करीब 300 से ज्यादा बाइक और स्कूटर की बिक्री हुई।
आशा ऑटो एजेंसी पर सेल्स मैनेजर अभिषेक ने बताया कि पहले वर्ष से इस बार बिक्री ठीक रही है। विभिन्न मॉडल की 150 बाइक व स्कूटर की बिक्री हुई। इसके अलावा टीवीएस एजेंसी पर रोहित शर्मा ने बताया कि छह बजे तक 30 बाइक व स्कूटी की बिक्री हुई। यामाहा एजेंसी पर महिपाल चौहान ने बताया कि 15 बाइक की बिक्री हुई जो पहली बार से अधिक है। इसके साथ ही बजाज एजेंसी पर सेल्स मैनेजर अरुण ने बताया कि 60 बाइक स्कूटी की बिक्री हुई है। अबकी बार धनतेरस पर ग्राहकों के अंदर वाहन खरीदने का काफी उत्साह दिखाई दे रहा है।
वहीं, सिद्धार्थ इलेक्ट्रानिक्स की संचालिका विधि जैन, रोहित इलेक्ट्रानिक्स के संचालक रोहित, एलजी शोरूम संचालक अंकुर ने बताया कि कारोबार अच्छा रहा। पिछले साल की अपेक्षा करीब 15 प्रतिशत ज्यादा बिक्री हुई। ग्राहकों की पहली पसंद वॉशिंग मशीन, एलईडी, फ्रिज, मिक्सी और प्रेस आदि रहीं। उधर, थानाभवन में धनतेरस पर बाजारों में रौनक रही। उधर, भारी भीड़ के मद्देनजर संकरी गलियों व स्वर्णकारों की दुकानों बाजार हलवाई अट्टा आदि में पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रही।
सुरक्षा रही चाक चौबंद
शामली। धनतेरस पर बाजारों में काफी भीड़भाड़ रही। इसी के मद्देनजर फोर्स भी तैनात रही। स्वयं एसपी ने बाजारों में घूमकर लोगों से बात की। सुरक्षा व्यवस्था के चलते मुख्य बाजार, विजय चौक, अजंता चौक सहित कई जगह फोर्स तैनात की गई थी। दोपहर को नगर में जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया गया। दोपहर करीब एक बजे एसपी वर्मा मार्केट पर पहुंचे और कोतवाली पुलिस के साथ भ्रमण किया। ब्यूरो
चांदी के सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खरीदी
ज्वेलर्स की दुकानों पर चांदी के सामान की जमकर खरीदारी की गई। बडे़ बाजार में दुर्गा ज्वैलर्स संचालक मोहित और संस्कार ज्वैलर्स संचालक राजेश अग्रवाल ने बताया कि लोग चांदी के सिक्के, चांदी के बर्तन, लक्ष्मी- गणेेश, हटडी, और चांदी की मूर्तियां खरीद रहे हैं। बाजार पहले से काफी ठीक रहा है। काफी समय बाद बिक्री बढ़ी है, जिससे खुशी महसूस हो रही है।
बर्तन की दुकानों पर भी उमड़ी भीड़
शहर के बाजारों में बर्तन की सभी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। गृहिणियों ने आवश्यकता के अनुरूप बर्तन व पूजा के लिए थाली, दीये की खरीदारी की। इसके अलावा मॉडर्न डोल, थाली, गिव्लास, चम्मच, कटोरी, जग, लौटा, पूजा की थाली, दीये, टिफिन, कूकर, बर्तन रखने का स्टैंड, व स्टील का डिनर सेट आदि की खरीदारी हुई। गोयल बर्तन स्टोर पर संजय कुमार और बड़ा बाजार में विनय कुमार ने बताया कि इस बार पिछली बार से करीब 10 प्रतिशत अधिक बिक्री हुई है। सभी ग्राहक कुछ न कुछ खरीद रहे हैं।
महिलाओं का कपड़ों पर रहा विशेष ध्यान
साड़ी, सूट व रेडीमेड गारमेंटस की दुकानों और शोरूम पर जमकर खरीदारी हुई। महिलाओं ने सूट और साड़ी खरीदी तो बच्चों ने भी नए डिजाइनों की पोशाक खरीदीं। वहीं युवकों ने जींस, टी शर्ट, शर्ट, कोट पैंट की खरीदारी कीच। बव्सल गारमेंटस के संचालक अतुल बंसल और माई मार्ट मॉल में मैनेजर सचिन ने बताया कि धनतेरस पर अच्छी बिक्री हुई है। सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही। पिछली बार से 20 प्रतिशत बिक्री अधिक है।