दो गाड़ियों और एक बाइक की टक्कर में कई लोग घायल
शामली, थानाभवन। नोजल गांव के पास दो गाड़ियों और एक बाइक की भिड़ंत में कई लोग घायल हो गए।
कस्बे के मोहल्ला रोगनग्राम निवासी अनूप और उनके पिता यशपाल तायल शामली से गाड़ी से नोजल के रास्ते थानाभवन आ रहे थे। वहीं दूसरी ओर काजीपुरा गांव निवासी रतन सिंह गाड़ी में परिवार के साथ एक तेरहवीं में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नोजल के पास एक मोड़ पर दोनों गाड़ी आपस में भिड़ गई। रास्ते से गुजर रहे गांव काजीपुरा निवासी रमेश अपने पुत्र रविंद्र के साथ बाइक से गांव के लिए जा रहे थे। गाड़ियों की हुई भिड़ंत में बाइक भी चपेट में आ गई। जिससे कार सवार अनूप, यशपाल, बाइक सवार रमेश, रविंद्र, दूसरी गाड़ी सवार वतन सिंह घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। परिजनों को सूचना देकर घायलों को शामली के लिए भिजवाया। यशपाल, रविंद्र, रमेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। जबकि दूसरी गाड़ी में सवार लगभग छह लोग घायल बताए जा रहे हैं।