शिक्षक दिवस पर बेसिक शिक्षा के 75 शिक्षकों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शिक्षक दिवस पर बेसिक शिक्षा के 75 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य अध्यापक पुरस्कार से कंपोजिट विद्यालय डांगरोल के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार को सम्मानित किया गया।
सहारनपुर तिराहा मोड़ के निकट बैंक्वेट हॉल में सोमवार को शिक्षक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में एमएलसी वीरेंद्र सिंह, डीएम जसजीत कौर, ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक, बीएसए राहुल मिश्रा आदि अधिकारी मौजूद रहे। बेसिक शिक्षा के जिला समन्वयक अमित कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में जिले के सभी ब्लॉक के बेसिक शिक्षा परिषद के 75 अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कंपोजिट विद्यालय डांगरोल के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें शासन की तरफ से भेजे गए प्रशस्ति पत्र, मां सरस्वती की मूर्ति और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
किरण सेवा समिति शामली की अध्यक्ष डॉ. रितु जैन ने बताया कि संस्था की तरफ से शिक्षक दिवस पर रेलपार में संस्था कार्यालय पर पांच शिक्षकों को गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मनीष चौधरी, आकाश गोयल व पुष्पा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
द गोल्ड पब्लिक स्कूल कांधला में शिक्षक दिवस पर स्कूल चेयरमैन कृष्णपाल सिंह व प्रधानाचार्य अजय कुमार ने सभी शिक्षकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि शिक्षा जीवन का आधार है। शिक्षक ही शिक्षा को सही रूप में रूपांतरित कर समाज के स्वर्णिम भविष्य के लिए विद्यार्थियों को तैयार करते हैं।