Shamli News: 50 हजार का इनामी बदमाश महताब शुक्रवार तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। इस एनकाउंटर में दरोगा दीपचंद को भी गोली लगी है। अब पुलिस महताब के साथी बताए गए शाहरुख और अर्जुन की तलाश कर रही है।
शामली में बदमाश महताब और उसके साथी ने पुलिस पर 12 गोलियां चलाईं। जबकि पुलिस की ओर से केवल तीन गोलियां चलाई गईं। एक गोली सीने में लगते ही बदमाश महताब ढेर हो गया। वह मुकीम गैंग का सदस्य था और 47 मुकदमे उस पर दर्ज थे। 50 हजारी बदमाश कई मामलों में वांछित चल रहा था।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
दो भाइयों से लूट के बाद बदमाश बाइक से 12 किलोमीटर दूर कांधला क्षेत्र में खंदरावली पुलिया के पास नलकूप पर पहुंचे थे। सूचना मिलने के बाद जिले की पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी थी। इसी बीच कांधला व आदर्श मंडी पुलिस का बदमाशों से आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बदमाशों की तरफ से 12 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाई गईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की तरफ से तीन गोली चलीं।
बरामद बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
छाती में एक गोली लगने से महताब ढेर हो गया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मौके से 9 एमएम पिस्टल, छह कारतूस व आठ खोखा 09 एमएम, कार्बाइन व सात कारतूस बरामद किए।
यूपी, हरियाणा, दिल्ली के बदमाशों के साथ करता था वारदात
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि महताब जिले के अलावा हरियाणा व दिल्ली के बदमाशों के साथ मिलकर वारदात करता था। अभी तक की जानकारी में आया है कि महताब के साथ हरियाणा के पानीपत के शाहरुख व बाबरी क्षेत्र के अर्जुन का नाम सामने आया है, इनके बारे में जांच की जा रही है।
मिथुन बावरिया से भी मिली थी पिस्टल व कार्बाइन
शामली जिले के रहने वाले बदमाश आपराधिक वारदात करने में पिस्टल के अलावा कार्बाइन का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। शुक्रवार को मुठभेड़ में मारे गए महताब के पास से पुलिस को 9 एमएम की पिस्टल व कार्बाइन बरामद हुई। इससे पहले झिंझाना क्षेत्र में मुठभेड़ में मारे गए मिथुन बावरिया के कब्जे से पुलिस ने 9 एमएम पिस्टल व कार्बाइन बरामद हुई थी। दोनों पिस्टल पर मेड इन इटली लिखा हुआ था।
महताब पर दर्ज 47 मुकदमे
एसपी के मुताबिक महताब मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य था। उस पर जनपद शामली, सहारनपुर व पानीपत (हरियाणा) में लूट, डकैती, हत्या व रंगदारी के करीब 47 मामले दर्ज हैं। वह कैराना थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश था, जिसका एचएस नंबर- 349 ए है। महताब शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव लिसाढ़ के जंगल में थानाभवन शुगर मिल के सहायक प्रबंधक अरविंद कुमार से मोबाइल फोन व पांच हजार रुपये लूट और हरियाणा में तैनात महिला आरक्षी ज्योति मलिक से कान के कुंडल, नाक की बाली व अंगूठी लूटने के मामले में वांछित चल रहा था। डीआईजी स्तर से उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसपी का कहना है कि मौके से भागे महताब के साथी बदमाश की तलाश की जा रही है।
ऐसे हुई मुठभेड़
शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे बाबरी क्षेत्र के गांव हाथी करौदा निवासी नरेंद्र अपने भाई नरेशपाल के साथ बाइक से आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव जलालपुर स्थित खेतों में पानी लगाने जा रहे थे। आदर्श मंडी क्षेत्र में मुजफ्फरनगर हाईवे पर गांव जलालपुर कट पर बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर किसान भाइयों से बाइक की चाबी, मोबाइल फोन व करीब 200 रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। एसपी ने बताया कि कांधला क्षेत्र में खंदरावली पुलिया के निकट आदर्श मंडी और कांधला पुलिस के साथ बदमाशों की मुठभेड़ हुई। फायरिंग में 50 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश महताब निवासी मोहल्ला आलकला कैराना की मौत हो गई, जबकि दूसरा बदमाश भाग गया। दरोगा दीपचंद के हाथ में गोली लगी है।
सुपुर्द-ए-खाक हुआ महताब
महताब को शुक्रवार रात कैराना की टीचर्स कॉलोनी स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब छह बजे उसका जनाजा आवास से रवाना हुआ।