थानाभवन। गांव भैसानी इस्लामपुर से गुजर रहे दिल्ली-देहरादून ग्रीन एक्सप्रेसवे कॉरिडोर में आने वाले अंडरपास की ऊंचाई कम होने का ग्रामीणों ने विरोध करते हुए उसकी ऊंचाई बढ़ाने की मांग की। ग्रामीणों ने छह दिसंबर को महापंचायत करने की घोषणा की है।
दिल्ली-देहरादून ग्रीन एक्सप्रेस-वे का निर्माण में गांव भैसानी इस्लामपुर के समीप मुख्य मार्ग पर क्रॉसिंग पुल की ऊंचाई कम होने को लेकर भारतीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने पांच दिन पहले धरना दिया था और पुल की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की थी।
धरने की सूचना पर शामली सदर तहसीलदार व एक्सप्रेस वे निर्माण करने वाली कार्यदायी संस्था के इंजीनियर मौके पर पहुंचे थे और संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान जल्द ही कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया था।
आश्वासन के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर रविवार को किसान मजदूर संगठन के नेताओं ने छह दिसंबर को महापंचायत करने की घोषणा की है। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुरेश पुंडीर, नरेश तोमर, रामचरण, प्रशांत राणा बबली शर्मा, किसान मजदूर संगठन के युवा जिलाध्यक्ष शहजाद पुंडीर, जिला महासचिव अमजद,युवा जन सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आसिफ, मास्टर फुरकान, निसार, साबिर प्रधान मौजूद रहे।