संवाद न्यूज एजेंसी
बाबरी। बुटराड़ा में चल रहे किसान संघर्ष समिति के धरने में रविवार को मौसम का मिजाज देखते हुए 27 सितंबर को आहूत महापंचायत की तिथि में बदलाव कर दिया गया। अब यह महापंचायत पांच अक्तूबर को होगी।
किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष देशपाल मलिक ने बताया की किसानों की 27 सितंबर को होने वाली महापंचायत मौसम खराब होने के चलते आगे बढ़ा दी है। महापंचायत अब पांच अक्तूबर को होगी। उन्होंने बताया कि पांच अक्तूबर को धरना स्थल पर होने वाली महापंचायत को भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय संरक्षक और गठवाला खाप चौधरी बाबा राजेंद्र सिंह व राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक संबोधित करेंगे।
हाजी तुफैल ने कहा कि किसानों को आंदोलन करते हुए लंबा समय हो चुका है, लेकिन प्रशासन किसानों की कोई सुध नहीं ले रहा है। जब तक एक प्रोजेक्ट एक रेट की तर्ज पर मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक किसानों का धरना जारी रहेगा।
गोरखपुर-अंबाला हाईवे के पीड़ित किसानों ने दिया समर्थन
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कोरिडोर किसान संघर्ष समिति के बुटराड़ा-करौदा हाथी स्टैंड के निकट चल रहे अनिश्चितकालीन धरने पर रविवार को गोगवान जलालपुर के कई किसानों ने समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में करीब आधा दर्जन हाईवे के निर्माण होंगे। जिनमें से गोगवान जलालपुर के सैकड़ों किसानों की करीब छह सौ बीघा भूमि अधिग्रहण के लिए प्रस्तावित है। पीड़ित किसानों ने हाईवे में जाने वाली भूमि का भी एक प्रोजेक्ट एक रेट की तर्ज पर ही मुआवजे की मांग कर संघर्ष समिति को अपना समर्थन दिया। इस मौके पर जसवीर सिंह, पिंटू, ईश्वर सिंह, राकेश, मुल्तान, करण सिंह, देशा सिंह आदि उपस्थित रहे।