शामली। इस बार दिवाली पर घर जगमगाने के लिए बाजारों में मेड इन इंडिया लाइटों की धूम है। जगमगाते दिए के साथ झालर व लड़ियों की जुगलबंदी दीपावली पर घर को एक अलग ही रूप देती है। इस बार बाजार में मेड इन इंडिया और चाइनीज लड़ियों के बीच जबरदस्त टक्कर है। दोनों में कई वैराटियां हैं। रेट भी लगभग समान है, लेकिन इस बार मेड इन इंडिया को ही अधिक लोग तवज्जो दे रहे हैं।
शहर के मुख्य रोड और बाजारों में इलेक्ट्रोनिक्स की दुकानों पर दिवाली के पर्व को लेकर पूरी तैयारी है। दुकानों पर झालर, लड़ियां, एलईडी बल्ब वाली पाइप वाली झालर, फूल वाली व दीपक वाली कंडील व झूमर और छत पर लटकाने वाली हैंगिंग लाइटों की भरमार है। दुकानदार अजय, केशव व राजकुमार ने बताया कि इस बार चाईनीज सामान महंगा होने के चलते काफी कम दुकानों पर है। इस बार केवल भारत में बना सामान ही बेचा जा रहा है।
छोटे झूमर भी हर दुकान पर देखे जा रहे है। लोग प्रोजेक्टर भी खरीद रहे है। जो अलग-अलग डिजाइन में तितली व अन्य डिजाइन रंग बिरंगी रोशनी देते हैं। दुकानदारों ने बताया कि इस बार झालर 25 रुपये से लेकर 400 रुपये तक है। वहीं एलईडी पाइप भी 25 रुपये मीटर से लेकर 60 रुपये मीटर तक है। झूमर की भी काफी मांग है। 500 रुपये 1200 रुपये तक है। फिरोजाबाद की हैंगिंग लाइट भी खूब पसंद की जा रही है। 600 रुपये से 1500 रुपये तक है। प्रोजेक्टर 300 से 2000 रुपये तक है।