- मेला ग्राउंड में दो दिन तड़पता रहा संक्रमित निराश्रित गोवंश, जिम्मेदारों पर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लंपी वायरस का संक्रमण बढ़ने से पशुपालकों में चिंता बढ़ गई है। गांधी चौक, कटहरा बाजार, हरी नगर और अली हसन समेत कई मोहल्लों में संक्रमण के चलते अब तक पांच से अधिक गोवंश की मौत हो चुकी हैं।
पशुपालन विभाग क्षेत्र में 800 से अधिक गोवंश का टीकाकरण कराने का दावा कर रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि कई इलाकों में अभी भी टीकाकरण और उपचार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। बीमारी की चपेट में आए कुछ गोवंश को पशुपालकों द्वारा खुले में छोड़ दिए जाने से संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ रहा है।
दो दिन तड़पता रहा गोवंश
कस्बे के मेला ग्राउंड में किसी व्यक्ति द्वारा छोड़ा गया लंपी संक्रमित निराश्रित गोवंश दो दिन तक खुले में तड़पता रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस दौरान जिम्मेदार विभागों की ओर से उसकी सुध नहीं ली गई। बाद में उसकी मौत हो गई। मामले को लेकर लोगों में रोष है।
कस्बे के सोनू कुमार, वाशु कोरी, संदीप कश्यप और लक्की कोरी समेत कुछ युवक दो दिन तक गोवंश की सेवा में जुटे रहे। युवकों ने आरोप लगाया कि कस्बे में प्रभावी तरीके से टीकाकरण नहीं हो रहा है। उन्होंने पशुपालन विभाग से कस्बे में अभियान चलाकर गोवंश का टीकाकरण कराने और संक्रमित पशुओं के उपचार की व्यवस्था करने की मांग की है।
वहीं सीवीओ चंद्रभानू कश्यप का कहना है कि टीकाकरण अभियान जारी है। खुर पका और मुंह पका का टीका अभी तक तीन लाख 47 हजार के सापेक्ष एक लाख 27 हजार 682 टीके लग चुके हैं।