शामली। झिंझाना क्षेत्र के गांव लपराना के निकट बाइक सवार युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। अस्पताल लाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
झिंझाना क्षेत्र के नया गांव निवासी 38 वर्षीय उपेंद्र पुत्र इंद्रपाल शामली में पेस्टीसाइड की दुकान करता है। देर शाम करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से गांव आ रहा था। बताया जा रहा है कि जब वह लपराना के निकट पहुंचा, तो अज्ञात बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली उपेंद्र के सीने से सटाकर मारी गई। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही ग्रामीण भी उस ओर दौड़ पड़े।
इस दौरान वहां से गुजर रहे सीओ झिंझाना व एसडीएम ऊन भी पहुंचे, तो वह उपेंद्र को तुरंत शामली अस्पताल लेकरपहुंचे, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही झिंझाना पुलिस भी अस्पताल में पहुंच गई, जहां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
उपेन्द्र के परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। झिंझाना सीओ वसीम खान ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिल गई है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।