युवक-युवती अलग-अलग समुदाय से ताल्लुक रखने के कारण परिजन बना रहे थे आपस में नहीं मिलने का दबाव
पुलिस अधीक्षक अधीनस्थों के साथ मौके पर पहुंचे, फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर नमूने जांच के लिए भेजे
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़ीपुखता। क्षेत्र के गांव ताना में अलग-अलग समुदाय से संबंध रखने वाले प्रेमी युगल ने बृहस्पतिवार तड़के जहर खाकर जान दे दी। परिजन दोनों पर आपस में नहीं मिलने का दबाव बना रहे थे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
गांव ताना निवासी राजबाला पत्नी वेदपाल अपने घेर में सफाई करने गई। वहां छप्पर के नीचे गांव की साजिया उर्फ चुन्नू (19) पुत्री इंतजार का शव पड़ा था। इसकी जानकारी पाकर साजिया के परिजन शव को अपने घर ले गए। इसके कुछ देर बाद घेर में स्थित कमरे में राजबाला के जेठ आकाश (18) पुत्र बाबू तड़पता मिला। उसे आनन-फानन में शामली के हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया परंतु उसकी रास्ते में मौत हो गई।
इसकी जानकारी पाकर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, एएसपी ओपी सिंह व सीओ श्रेष्ठा ठाकुर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों के परिजनों से जानकारी ली। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। उसे मौके पर जहरीला पदार्थ मिला। जिसके नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। इस संबंध में एसपी शामली अखिलेश झा ने बताया प्रेमी युगल अलग-अलग समुदाय के थे। अभी तक प्रतीत हो रहा है कि जहरीला पदार्थ खाने से दोनों की मौत हुई। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं। रिपोर्ट के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
साजिया को नाना ने ले रखा था गोद
साजिया मूल रूप से कांधला क्षेत्र के खंद्रावली गांव निवासी थी। जन्म के तीन माह बाद ही नाना ने उसे गोद ले लिया था। वह तभी से ताना गांव में रह रही थी। वहीं, आकाश ग्राम ताना का निवासी है। परिवार में माता कुसुम, पिता बाबू, तीन भाई शिवकुमार, अंकुर, शिवम तथा बहन पारुल हैं।
कोर्ट मैरिज की तैयारी में थे दोनों
इस मामले में दोनों के परिजन कुछ भी बोलने से बचते रहे। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि आकाश और साजिया का काफी दिन से प्रेम प्रसंग था। इसका पता लगने पर दोनों के परिजन एक-दूसरे से न मिलने का दबाव बना रहे थे। जिसके चलते वे कोर्ट मैरिज करने की तैयारी में थे।
पहले भी प्रेमी युगल उठा चुके हैं आत्मघाती कदम
19 जून 2021 को आदर्श मंडी थाना क्षेत्र स्थित नौकुआं रोड निवासी प्रेमी युगल ने जहरीले पदार्थ खा लिया था। जिससे युवती की मौत हो गई थी। हालांकि युवक की जान बच गई थी।
19 जून 2022 को कांधला थाना क्षेत्र के भारसी गांव निवासी प्रेमी युगल ने बागपत के शिकोहपुर गांव में जहरीला पदार्थ खा लिया था। जिससे दोनों की मौत हो गई थी।
शामली जिले में प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दी:::ताना गांव में प्रेमी युगल की खुदकुशी की सूचना पाकर ?- फोटो : SHAMLI
शामली जिले के प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दी:::: आकाश की फाइल फोटो।- फोटो : SHAMLI