इंट्रो : शहर में जाम का समाधान कोई नहीं तलाश पा रहा। आए दिन शहर जाम से जूझता है। सोमवार को भी यही हाल रहा। रुक-रुक कर शहर के अलग-अलग स्थानों पर जाम लगता रहा और लोग परेशान होते रहे। इस समस्या को लेकर व्यापारी भी कलक्ट्रेट पहुंचे। नवनियुक्त डीएम के स्वागत के साथ शहर की सड़कों के गड्ढे और जाम की समस्याओं से भी अवगत कराया।
शामली। सोमवार को सप्ताह का पहला दिन था। रविवार की छुट्टी के बाद दफ्तर खुले थे। स्कूल कालेज भी खुले थे और यूपी बोर्ड और सीबीएसई की परीक्षाएं भी थीं। लिहाजा शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया था। ऐसे में शहर में कई जगहों पर जाम के हालात रहे। दोपहर सवा तीन बजे शहर के गुरुद्वारा के सामने वाहनों का लंबा जाम था। इसमें कई बसें, ट्रक और ई-रिक्शाएं फंसी थीं। दरअसल मेरठ से सहारनपुर-मुजफ्फरनगर जाने वाली बसों, ट्रकों की काफी लंबी कतार रेलवे स्टेशन रोड पर लगी थी। इसी तरह गुरुद्वारा के सामने भी बाईपास से मेरठ या करनाल रोड पर जाने वाले वाहनों का जमावड़ा था। यहां जाम के हालात बने थे। कुछ वाहन चालकों ने आडे़ तिरछे वाहन निकालने की कोशिश की, जिससे यहां मुश्किल बन गई। यही हालात शहर के भिक्की मोड़ की रही। दोपहर में करीब तीन बजे धीमानपुर फाटक बंद होने से एमएसके रोड पर काफी लंबा जाम लग गया था, जो भिक्की मोड़ तक पहुंच गया। कई गन्ने के भरे माल वाहक वाहन भैंसवाल, गोहरनी की तरफ से माजरा रोड होकर भिक्की मोड़ से होकर शुगर मिल जा रहे थे। जिससे करीब 20 मिनट तक मोड़ पर भी जाम की स्थिति बनी रही। दरअसल भिक्की मोड़ के आसपास दुकानों के बाहर अतिक्रमण भी इसकी एक वजह है।
मूछों की लड़ाई में लोग परेशान
सोमवार दोपहर को भिक्की मोड़ पर दो कार आमने सामने आ गई। एक माजरा रोड की तरफ जा रही थी, दूसरी माजरा रोड की तरफ से एमएसके रोड पर आनी थी, लेकिन मोड़ पर जाम की वजह से दोनों आमने सामने आ गए। दोनों कार सवार एक दूसरे से कार पीछे करने की जिद पर अड़ गए। वहां जाम में फंसे कुछ समझदार लोगों ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया।
जाम और सड़कों के गड्ढों से मुक्ति दिलाओ
शामली। शहर की सड़कों के गड्ढे और जाम की समस्या के समाधान के लिए व्यापारी सोमवार को डीएम से मिले।
पश्चिम उप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने सबसे पहले जिले की नई डीएम जसजीत कौर का स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। गर्ग ने बताया कि शहर में आए दिन जाम लगता है। गन्ने के सीजन में तो यहां व्यापार ही चौपट हो जाता है। कई सालों से व्यापारी परेशान है, लेकिन इस समस्या का समाधान नहीं तलाशा जा सका। उन्होंने बताया कि शहर की सड़कों में कई जगह गड्ढे हैं, लेकिन उन्हें ठीक नहीं कराया गया है। जिससे आए दिन हादसे होते हैं। दोनों समस्याओं को प्रमुखता से ध्यान देकर हल कराने का अनुरोध किया। प्रतिनिधि मंडल में संगठन के जिलाध्यक्ष सूर्यवीर सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष चंद्र धीमान, प्रदेश उपाध्यक्ष बृजभूषण संगल, जिला संगठन महामंत्री प्रदीप विश्वकर्मा, नगर अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, नगर महामंत्री रवि संगल, नगर अध्यक्ष युवा मनोज मित्तल, पवन गोयल, महेश धीमान, शिवांक गर्ग, अनुज गोयल आदि मौजूद रहे।
शामली मिल रोड पर गन्ने की ट्रैक्टर ट्रॉली से लगा जाम।- फोटो : SHAMLI
शामली कलक्ट्रेट में डीएम को स्मृति चिह्न देते व्यापारी।- फोटो : SHAMLI