लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। हर्ष फायरिंग से लेकर हथियारों को लहराकर बवाल मचाने वाले जिले के नौ लोगों के शस्त्र लाइसेंस पुलिस की संस्तुति के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है। चुनाव में सुरक्षा की दृष्टि से जिले में रहने वाले 610 बाहरी लोग बाहरी चिह्नित किए गए हैं, जिन पर नजर रखी जाएगी। यही नहीं, आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले 50 सोशल मीडिया खातों पर भी नजर रखी जा रही है।
जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आता रहा है, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। डीएम रविंद्र सिंह और एसपी अभिषेक ने बताया कि जिले में बाहरी जिलों के लोग मजदूरी से लेकर दुकान और नौकरी कर रहे हैं, ऐसे 610 लोग चिह्नित किए गए हैं। जिनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा शामली, कैराना, कांधला, जलालाबाद, थाने में हर्ष फायरिंग और विवाद के दौरान फायरिंग करने वाले नौ लाइसेंस धारकों के शस्त्र लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
शामली के अलावा बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और अन्य स्थानों पर अपराध करने वाले 40 से अधिक बदमाश चिह्नित किए गए हैं, जिनके खिलाफ चुनाव से पूर्व ही जिलाबदर की कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं, पूर्व में बवाल करने वाले 100 लोगों का ब्योरा तैयार कराया गया है। इन पर पुलिस से लेकर एलआईयू और प्रशासन की टीम नजर रखेगी। भड़काऊ पोस्ट डालने वाले 50 फेसबुक और इंस्टाग्राम खातों की जांच की जा रही है। आपत्तिजनक पोस्ट मिलने पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 250 लोगों का ब्योरा तैयार कराया गया है, जिनके खिलाफ गुड़ाएक्ट के तहत कार्रवाई होगी।
एसपी अभिषेक का कहना है कि चुनाव को लेकर तैयारी चल रही है। चुनाव के दौरान यदि किसी ने बवाल करने का प्रयास किया तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीएम रविंद्र सिंह का कहना है कि मातहतों को बैठक लेकर चुनाव के मद्देनजर निर्देश दिए गए हैं।
इस बार नहीं होंगे अति संवेदनशील प्लस बूथ
चुनाव को लेकर पुलिस और प्रशासन की टीम जिले में संवेदनशील और अतिसंवेदन शील बूथों का ब्योरा तैयार कराया जा रहा है। इस बार लोकसभा चुनाव के दौरान अति संवेदनशील प्लस बूथ नहीं बनाए जाएंगे। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगा। पिंक बूथ भी बनाए जाएंगे।
जिले में शस्त्र धारकों की संख्या - करीब साढ़े 5 हजार।
नए आवेदन करने वालों की संख्या- 400
हाल ही में निरस्त किए गए शस्त्र लाइसेंस- 9
जिले में महिला शस्त्रधारकों की संख्या : 18
शामली में हुए हर्ष फायरिंग के मामले
-दिसंबर 2023 में सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की गई थी। लाइसेंस धनश्याम सिंह के नाम पर था। एक अन्य मामले में पिस्टल का लाइसेंस सचिन के नाम था।
-मार्च 2023 में थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव सिलावर में घुड़चढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। जिसमें पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
-मार्च 2023 में थानाभवन में हर्ष फायरिंग की गई थी। पुलिस ने आरोपी युवक जनक को गिरफ्तार कर लिया था।
मतदाताओं को भी किया जा रहा जागरूक
डीएम रविंद्र सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन ने अभियान चलाया हुआ है। स्कूल-कॉलेजों से लेकर अन्य स्थानों पर गोष्ठी और जागरुकता रैली के माध्यम से लोगों से लोकसभा चुनाव में मत डालने की अपील की जा रही है। अभियान चलाकर युवाओं के मत भी बनाए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले 12 मामलों की चल रही जांच
सोशल मीडिया पर शस्त्रों के साथ फोटो शेयर करने वालों पर भी पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है। फेसबुक और अन्य प्लेटफार्म पर हथियारों के साथ फोटो शेयर करने वाले शामली, कैराना, कांधला के 12 मामलों की जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही इनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। आठ लोगों के खिलाफ पूर्व में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।