शामली। जिले का मौसम स्थिर नहीं हो रहा है। बुधवार देर रात को आंधी के साथ हुई बारिश के अगले दिन बृहस्पतिवार सुबह हल्की बारिश के बाद बादल छाए रहे। आठ बजे मौसम साफ होने पर धूप निकली। दोपहर में तेज धूप होने से लोग गर्मी में परेशान रहे। लोग धूप से बचने के लिए घरों से बाहर कम निकले, जिस कारण सड़क व बाजारों में आवाजाही कम रही। शाम के समय लोग घर से बाहर निकलने पर बाजारों में चहल-पहल नजर आई। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम होकर 36 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव न होने से 26 डिग्री सेल्सियस रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ की मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सुबह हल्के बादल छाने और दिन में तेज धूप निकलने की संभावना है।