संवाद न्यूज एजेंसी
शामली/थानाभवन। भीम आर्मी और आसपा के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री के बयान बंटेंगे तो कटेंगे पर निशान साधते हुए कहा कि आज के दौर में सभी को एकजुट होना जरूरी है। कटने और बंटने से पहले अपना घर, प्रदेश और देश को बचाना होगा। ऐसी पार्टी, नेताओं को मजबूत करना है, जो विपक्ष में रहकर सत्ता में बैठे लोगो के काम करा सके।
उन्होंने साफ कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। पंचायत चुनाव में मजबूत होकर उभरेगी। प्रदेश में अपनी पहचान बनाएगी। सोमवार को करनाल बाईपास पर पार्टी कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किया। पार्टी को चलाने के लिए कार्यकर्ता, कोष और जनता का समर्थन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शामली जिले में भीम आर्मी और आसपा का कार्यालय नहीं था। शामली में कार्यालय बनने के बाद पार्टी मजबूत होगी। सर्व समाज के लोग पार्टी से जुड़ेंगे।
इससे पहले थानाभवन कस्बे रतन पैलेस में आयोजित आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बूथ सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर गन्ना भुगतान को लेकर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि किसानों को उनके पसीने की कमाई के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता है। सरकार सिर्फ आश्वासन देती है। किसान देश की रीढ़ है और जब तक किसानों को उनका अधिकार और पूरा भुगतान नहीं मिलेगा, तब तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। आने वाले चुनाव में जीत निश्चित है। पहले संगठन की मजबूती, अनुशासन और एकता पर जोर दिया।
इस मौके पर पूर्व सांसद अमीर आलम, बुढ़ाना के पूर्व विधायक नवाजिश आलम ने भी विचार रखे। नीटू सिंह, सचिन चौहान, राजीव राणा, रविंद्र भाटी, सुनील निषाद, अनील आजाद, राजकुमार सैनी, प्रभात, अनुज कुमार, विक्रम सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। शामली में कार्यक्रम के संयोजक जयपाल सिंह ने आभार प्रकट किया। राजेंद्र विदुर आदि रहे।