शामली। बाबरी के गांव हिरनवाड़ा में पुलिस टीम पर पथराव के मामले में 15 ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, ग्रामीणों ने पुलिस पर शराब के नशे में बदसलूकी करने का आरोप लगाया। इसके विरोध में थानाभवन विधायक सुरेश राणा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने बेकसूरों पर कार्रवाई की, तो पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
बाबरी के गांव हिरनवाड़ा में दो दिन पूर्व हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने एक पक्ष के इमरान ने चार आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी। जिसके चलते पुलिस बुधवार की रात गांव में दबिश देने गई थी। आरोप था कि पुलिस शराब के नशे में थी और उसे ग्रामीणों के साथ बदसलूकी की। जिस पर ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस के साथ हाथापाई भी हुुई। बाद में गुस्साई पुलिस ने ग्रामीणों पर लाठी बरसाई और जबरन तीन लोगों को थाने ले आई। बृहस्पतिवार को पुलिस ने हिरासत में लिए गए देवेन्द्र, कुलदीप व सतीश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ ही 15 ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
इसके विरोध में बृहस्पतिवार को विधायक सुरेश राणा के नेतृत्व में ग्रामीण थाने पर पहुंचे और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक सुरेश राणा ने कहा कि पुलिस एकपक्षीय कार्रवाई कर रही है। यह मामला गांव में निपट गया होता, लेकिन पुलिस ने दबिश देनी शुरू कर दी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने इस मामले में एकपक्षीय कार्रवाई की, तो थाने पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। विधायक के साथ पहुंची महिला मिथलेश व ओमसुधा ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी तहरीर दी। जिसमें शराब पीकर घर में घुसने व गाली-गलौज तथा मारपीट का आरोप लगाया गया। बाद में विधायक सुरेश राणा ने एसपी से बात की, तो एसपी ने उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।