कैराना में सब रजिस्ट्री कर्यालय धरने पर बैठे दस्तावेज लेखक-संवाद
शामली। ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को शामली, कैराना और ऊन तीनों तहसीलों में अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टाम्प वेंडरों और टाइपिस्टों ने संयुक्त रूप से हड़ताल पर रहे। पूरे जनपद में उपनिबंधक कार्यालयों पर तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया। इससे रजिस्ट्री कार्य पूरी तरह ठप रहा और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिला बार एसोसिएशन शामली की बैठक अध्यक्ष विजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला बार भवन में आयोजित की गई। बैठक में ई-रजिस्ट्री व्यवस्था को लेकर आक्रोश जताया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंगलवार से शनिवार तक सभी अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक, स्टाम्प वेंडर एवं कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर रहेंगे। निर्णय के बाद उपनिबंधक कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना शुरू कर दिया गया और जमकर नारेबाजी की गई। हड़ताल के कारण रजिस्ट्री कार्य पूरी तरह बाधित रहा। लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए तहसीलों के चक्कर लगाते नजर आए और दिनभर परेशानी झेलनी पड़ी।
कैराना में ज्ञापन सौंपा
कैराना में उत्तर प्रदेश दस्तावेज लेखक संघ के नेतृत्व में हड़ताल कर धरना दिया गया। बाद में मुख्यमंत्री के नाम 17 सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। पदाधिकारियों ने कहा कि ई-रजिस्ट्री लागू होने से हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित होगी, इसलिए सरकार को इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
ऊन में कामकाज ठप रहा
तहसील ऊन में भी अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक, स्टाम्प विक्रेता और टाइपिस्ट संघ ने संयुक्त रूप से पांच दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। बैठक अध्यक्ष सत्यवीर सिंह की अध्यक्षता में यह निर्णय लिया गया। हड़ताल के दौरान उपनिबंधक कार्यालय में किसी भी प्रकार का रजिस्ट्री कार्य नहीं किया जाएगा।
आजीविका पर संकट का आरोप
अधिवक्ताओं का कहना है कि ई-रजिस्ट्री व्यवस्था से हजारों लोगों की आजीविका पर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
कैराना में सब रजिस्ट्री कर्यालय धरने पर बैठे दस्तावेज लेखक-संवाद
कैराना में सब रजिस्ट्री कर्यालय धरने पर बैठे दस्तावेज लेखक-संवाद