परिषदीय स्कूलों का शनिवार से नए सत्र का शुभारंभ हुआ। पहले दिन स्कूलों में हवन पूजन के साथ नया सत्र शुरू हुआ। नामांकन बढ़ाने को लेकर रैलियां निकाली गई। साथ ही मेले का भी आयोजन किया गया। उधर, बीएसए ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को नए सत्र से मिड-डे मील की व्यवस्था का सही प्रकार से संचालित करने के निर्देश दिए है।
जनपद के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में नये सत्र का शुभारंभ हवन पूजन के साथ किया गया। प्राथमिक विद्यालय नंबर एक मुंडेट में नामांकन बढ़ाने के लिए सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूल चलो अभियान चलाया गया।
गांव में रैली निकाली गई। प्रधान ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। एनपीआरसी समन्वयक अजय शर्मा ने कहा कि सभी बच्चे लगन व मेहनत से पढाई करें। प्रधानाध्यापक ऋषिपाल ने बच्चों के नामांकन बढ़ाने पर विचार व्यक्त किए। रश्मि वर्मा ने बच्चों को रोज स्कूल में आने के लिए प्रेरित किया। स्कूल से पास आउट बच्चों से ली गई किताबों को बच्चों में वितरित किया गया। इस दौरान स्मृति, साक्षी, मीनाक्षी, प्रियंका, बालेश मौजूद रहे।
वहीं, पूर्व माध्यमिक गढ़ी दौलत में नामांकन मेले का आयोजन किया गया। जिसमें नए प्रवेश के लिए लोगों को जागरूक किया गया। नए प्रवेश के लिए बच्चों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक मौहम्मद यामीन ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उधर, बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर ने सभी प्रधानाध्यापकों को नए सत्र से मिड-डे मील में कोई भी लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए है। उन्होंने सारिणी के अनुसार ही अच्छी प्रकार के मसाले व अन्य वस्तुओं का प्रयोग करने के भी निर्देश दिए हैं।