तीन घरों से लाखों का सामान चोरी
शामली, थानाभवन। क्षेत्र के गांव कुतुबगढ़ में चोरों ने तीन मकानों में धावा बोलकर हजारों की नकदी व जेवर चोरी कर लिए। एक घर में रखा काफी सामान भी तोड़ दिया।
ग्रामीण रविंद्र सिंह ने बताया कि देर रात परिजन घर में सोए हुए थे। एक कमरे में रखी अलमारी का ताला खोलकर चोरों ने पांच हजार की नकदी, सोने चांदी के जेवर, कीमती कपड़े व अन्य सामान चोरी कर लिया। दूसरे कमरे में बक्से का ताला खोलकर चोरों ने कीमती कपड़े ले गए। यहां पर चोरों का चाबियों का गुच्छा छूट गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। इसके बाद चोरों ने पड़ोसी रामकुमार के मकान पर धावा बोलते हुए दस हजार की नकदी व कीमती सामान चोरी कर लिया। इसी से कुछ दूरी पर स्थित तीसरा मकान विकास पुत्र राजेंद्र का है। विकास किसी कार्य से सहारनपुर गया हुआ था जबकि उसका भाई संजू फरीदाबाद नौकरी पर गया है। घर में विकास की पत्नी व मां अकेली थी। जो रात में घर की निचली मंजिल पर सोई हुई थी। बदमाशों ने मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरों में रखी अलमारी का ताला तोड़कर बक्सों में भी तोड़फोड़ की तथा वहां रखी दस हजार की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो बिखरा सामान देख चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।