शामली। शासन के निर्देश पर एक अप्रैल से खरीद केंद्र तो खुल गए लेकिन पहले दिन किसी भी केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए किसान नहीं पहुंचे। अधिकांश केंद्रों पर कर्मचारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे तो कुछ पर नदारद भी रहे।
जिले में कुल 19 गेहूं खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पीसीएफ के 14, खाद्य विभाग के चार और भारतीय खाद्य निगम का एक केंद्र खोला गया है। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1625 रुपये घोषित किया गया है।
खाद्य विभाग को बारदाने के लिए 91584 और पीसीएफ केंद्रों पर 22292 बोरे उपलब्ध कराए जाने हैं। शासन ने पूर्व में ही निर्देश दिया था कि गेहूं खरीद केंद्रों पर छलने, इलेक्ट्रानिक कांटा और किसानों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति के लिए घडे़ (मटके) रखवाए जाएं।
इसके चलते शनिवार को अधिकांश गेहूं खरीद केंद्र शुरू हो गए। शाम तक किसी भी केंद्र पर गेहूं खरीद नहीं हो सकी। डिप्टी आरएमओ रजनीश भारती ने बताया कि गेहूं खरीद केंद्र शुरू कर दिए गए हैं।
जिले में गेहूं खरीद केंद्र
पीसीएफ - नवीन मंडी शामली, बाबरी, हसनपुर लुहारी, गढ़ी अब्दुल्ला, गंगेरू(कांधला), इस्सोपुर खुरगान(मलकपुर), ऊंचा गांव, भूरा, ऊन, दथैड़ा, गढ़ीपुख्ता, हथछोया, बल्ला माजरा और चौसाना।
खाद्य विभाग - शामली, थानाभवन, कैराना और झिंझाना
भारतीय खाद्य निगम - जलालाबाद