चौसाना। बारिश के दौरान खोड़समा गांव के बिजलीघर की लाइनों पर अचानक बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई और मशीनें फुंक गई। आपूर्ति चालू होने से गांव के लोगों के विद्युत उपकरण फुंक गए। सोमवार शाम खोड़समा गांव के 33/11 केवी के बिजलीघर पर अचानक बिजली गिर गई। जिससे लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं और मशीनें फुंक गईं। इसके अलावा बिजलीघर की मशीन भवन में दरारेें आ गईं। हादसे के समय गांव की विद्युत सप्लाई सुचारु थी, जिससे अचानक वोल्टेज हाई होने के कारण कई ग्रामीणों के इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए।
बताया जाता है कि जिस समय बिजली गिरी, उस समय बहुत जोर से धमाका हुआ और विद्युुत लाइन में अचानक करंट आने से मंदिर के पास दो खंभों पर बैठे कुछ पक्षियों की भी मौत हो गई। विद्युत लाइनें टूटकर नीचे गिर गईं। बिजलीघर के एसएसओ कपिल कुुमार ने बताया कि बिजली गिरने के समय गांव की सप्लाई चल रही थी। उच्चाधिकारियों इसके संबंध में अवगत करा दिया गया है।
हसनपुर लुहारी गांव में घर पर गिरी बिजली
थानाभवन। क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी निवासी सलीम कुरैशी का परिवार घर में था। बारिश के चलते अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गर्जना हुई। सलीम ने बताया है कि मकान पर बिजली गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। बिजली गिरने से परिवार के लोग सहम गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घबराए घरवालों को बाहर निकाला। इसके बाद लोगों ने अंदर जाकर देखा तो घर में मौजूद बिजली का सारा सामान फुंक गया था। साथ ही मकान की सबसे ऊपर की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। सलीम ने बताया कि बिजली गिरने से घर में रखे दो फ्रिज, 10 पंखे, चार बैट्री, दो इंवर्टर व दो मोबाइल खराब हो गए। बताया कि वो तो शुक्र है कि जिस समय बिजली गिरी तब विद्युत समान के पास कोई नही था नही तो बड़ा हादसा भी हो सकता था। परिजनों की ओर से घटना के संबंध में नायाब तहसीलदार को सूचना दे दी गई है।