फल व्यापारी का अपहरण, चार घंटे बाद लौटा
कांधला (शामली) नगर के फल व्यापारी के अपहरण की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। करीब चार घंटे बाद लौटे व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ अपहरण कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान निवासी फल व्यापारी वाजिद हरियाणा में कारोबार करता है। व्यापारी अपने घर से सोनीपत के लिए चला था। आरोप है कि बीच रास्ते में व्यापारी को कुछ युवक कार में डालकर ले गए। व्यापारी का मोबाइल स्विच ऑफ होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश की। करीब चार घंटे बाद व्यापारी ने कस्बे में पहुंचकर अपने अपहरण की बात कही। बताया कि बदमाश कार से सोनीपत हरियाणा में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़ित व्यापारी ने अपने घर पहुंच कर परिजनों व पुलिस को मामले की सूचना दी।
शाम को व्यापारी वाजिद ने अपने परिजनों के साथ थाने जाकर तहरीर दी और अपनी व परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई। थाना प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी कहना है कि व्यापारी वाजिद ने अपने अपहरण की तहरीर दी है। पुलिस मामले को दर्ज कर जांच कर रही है। इस संबंध में पुलिस की एक टीम को व्यापारी के साथ सोनीपत भी भेजा जा रहा है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।