शामली। सोरम में सर्व खाप पंचायत के बाद सोमवार को गठवाला खाप ने लिसाढ़ गांव में पंचायत आयोजित कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। पंचायत में जरूरतमंद कन्याओं की शादी कराने समेत नौ सूत्रीय प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। वहीं, पंचायत में मंच पर नहीं बोलने देने पर खाप से जुड़े भाकियू टिकैत गुट के खाप से जुड़े लोगों ने हंगामा कर दिया।
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच खूब नोकझोंक भी हुई। बाद में गठवाला खाप के हरियाणा के बाबा बलजीत सिंह एवं बाबा राजेंद्र मलिक लिसाढ़ ने किसी तरह मामला शांत कराया। दरअसल, सोरम में गठवाला खाप की हुई पंचायत के बाद गठवाला खाप के चौधरी बाबा राजेंद्र सिंह और अन्य ने लिसाढ़ गांव में पंचायत करने की घोषणा की थी। कहा गया था कि सोरम की पंचायत में जो भी गठवाला खाप के लोग शामिल हुए हैं, उन्हें लेकर भी पंचायत में विचार-विमर्श किया जाएगा।
घोषणा के अनुसार सोमवार को लिसाढ़ जनता इंटर कॉलेज में आयोजित गठवाला खाप की पंचायत में बाबा राजेंद्र सिंह ने कहा कि कुछ लोग खाप की एकता को तोड़ने का कार्य न करें। समाज हित में वह जान देने को भी तैयार हैं, लेकिन अगर कोई एक लाठी से हांकना चाहता है तो अपनी गलतफहमी दूर कर ले।
पंचायत की अध्यक्षता कर रहे गठवाला खाप हरियाणा के सोनीपत से आए बाबा बलजीत सिंह ने कहा कि खाप के लिए सभी को राजनीतिक, सामाजिक व व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का विरोध हो सकता है, लेकिन खाप का विरोध नहीं हो सकता। खाप सर्वोपरि है।
पंचायत में गठवाला खाप के टिकैत गुट के ओमपाल फुगाना, विदेश मलिक, शुभम मलिक, जगबीर फौजी आदि ने कहा कि गठवाला खाप के अन्य लोगों को भी मंच पर बोलने का मौका दिया जाए, जिस पर शोर-शराबा हो गया। पंचायत में आयोजकों ने शोर-शराबा करने वालों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत में टिकैत गुट की ओर से हंगामा करने वाले भेजे गए हैं। काफी देर तक पंचायत में हंगामा चलता रहा। बाद में बाबा राजेंद्र के कहने पर सभी को शांत कराया गया।
इस मौके पर पंचायत में यह निर्णय लिया गया कि पंचायत में गठवाला हरियाणा के बाबा बलजीत सिंह एवं बाबा राजेंद्र मलिक लिसाढ़ ही बोलेंगे। पंचायत में सिर्फ दो वक्ता ही बोल पाए। हालांकि पंचायत में सोरम पंचायत में शामिल हुए लोगों को लेकर कोई भी विचार-विमर्श नहीं किया गया।
बाबा राजेंद्र मलिक का कहना है कि कुछ लोग मंच पर बोलने के लिए कह रहे थे। इस पर तय किया गया था कि सिर्फ खाप चौधरी ही बोलेंगे।