पंजाब में खालिस्तान समर्थकों व रेफरंडम-2020 से जुड़े अपराधियों को हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी युवक को एटीएस व अमृतसर से आई स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल की टीम ने बुढ़ाना के गांव इटावा से धरदबोचा। आरोपी को पूछताछ के लिए अमृतसर ले जाया गया है। एटीएस अधिकारियों के अनुसार एक माह पूर्व दो खालिस्तान समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद उनसे हुई पूछताछ में इटावा निवासी संजय राठी उर्फ गुड्डू का नाम हथियार व मादक पदार्थ तस्करी में सामने आया था।
मेरठ एटीएस के इंस्पेक्टर परविंदर सिंह और अमृतसर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल के एएसआई राजसिंह शनिवार को टीम के साथ बुढ़ाना कोतवाली पहुुंचे। यहां से इंस्पेक्टर बुढ़ाना प्रभाकर केंतुरा के साथ टीम ने क्षेत्र के गांव इटावा में ग्रामीण ओमवीर के घर दबिश देकर उसके बेटे संजय राठी उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों के पूछताछ करने पर स्पेशल टीम ने उसके अमृतसर में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर में वांछित होने की जानकारी दी। गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस आरोपी को लेकर अमृतसर के लिए रवाना हो गई।
शनिवार देर शाम एटीएस आईजी असीम अरुण ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि करीब एक माह पूर्व स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर ने दो खालिस्तान समर्थकों दलजीत सिंह उर्फ बब्बल पुत्र बलविंदर सिंह निवासी गहरी मंडी, थाना जंडियाला अमृतसर और सतनाम सिंह उर्फ मन्नी पुत्र लखविंदर सिंह निवासी भाईगंज, साहिब रोड अमृतसर को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से दो पिस्टल, नौ कारतूस और मादक पदार्थ बरामद किए गए थे। उक्त दोनों आरोपियों ने पूछताछ में मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली के गांव इटावा निवासी संजय राठी उर्फ गुड्डू पुत्र ओमवीर द्वारा उनके साथ ही अन्य अपराधियों को भी हथियार सप्लाई करने की जानकारी दी थी। इस संबंध में दोनों आरोपियों के साथ ही संजय राठी उर्फ गुड्डू के खिलाफ भी स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसी मामले में संजय राठी वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पूरी योजना बनाकर एटीएस मेरठ, अमृतसर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल और बुढ़ाना कोतवाली की संयुक्त टीम बनाकर आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। वहीं, इंस्पेक्टर बुढ़ाना प्रभाकर केंतुरा का कहना है कि दोनों टीमें संजय राठी को अमृतसर में आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट में वांछित होना बताकर दबिश के लिए आई थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अमृतसर ले जाया गया है। इस संबंध में उनके पास इससे अधिक जानकारी नहीं है।