शामली। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद में होने वाली यूपी पुलिस भर्ती की परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके चलते जनपद के सभी कोचिंग सेंटर संचालकों को तीन दिन के लिए कोचिंग सेंटर बंद रखने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने पर कार्रवाई करने की भी बात कही है।
बृहस्पतिवार को डीआईओएस जेएस शाक्य ने बताया कि जनपद में यूपी पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा 11 केंद्रों पर होनी है। परीक्षा 17 और 18 फरवरी को दो-दो पाली में आयोजित होना तय है। पहली पाली सुबह 10 से 12 और दूसरी पाली 3 से 5 बजे तक है। परीक्षा को नकलविहीन कराने को लेकर उन्होंने कोचिंग सेंटरों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनपद के सभी कोचिंग सेंटरों को 16, 17 और 18 फरवरी को पूर्णतय बंद रखने को कहा है। साथ ही बताया कि इन तीन दिनों में जो भी कोचिंग सेंटर खुला मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके जिम्मेदार स्वयं कोचिंग सेंटर संचालक होंगे।