शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने कार सवार लोगों पर रिवाल्वर दिखाकर डराने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद कर ली गई है। युवक अपने चाचा की रिवाल्वर लिए हुए था। पुलिस ने रिवाल्वर के लाइसेंस के निरस्तीकरण की संस्तुति कर डीएम को रिपोर्ट भेजी है। इस घटना का वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
तीन दिन पहले मंगलवार रात को शहर के एमएसके मार्ग पर बाइक सवार युवक की कार सवार लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस दौरान युवक ने कार सवार लोगों पर रिवाल्वर तानकर उन्हें डराने की कोशिश की थी। इस मामले में कार सवार लोगों की तरफ से पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई थी, लेकिन यह मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। साथ ही इसका वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। वीडियो व फोटो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। युवक की पहचान होने पर पुलिस ने शिवम निर्वाल निवासी मोहल्ला नंदू प्रसाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से रिवाल्वर भी बरामद कर ली। कोतवाली प्रभारी समयपाल अत्री ने बताया कि युवक ने जिस रिवाल्वर का डराने धमकाने में इस्तेमाल किया था, वह उसके चाचा की है। रिवाल्वर के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए डीएम रविंद्र सिंह को रिपोर्ट भेजी गई है।