कांधला/शामली। कांधला नगर पालिका के चेयरमैन ने कैराना विधायक नाहिद हसन और उनकी मां पूर्व सांसद तबस्सुम हसन सहित तीन लोगों के खिलाफ तहरीर देकर आरोप लगाया कि उन्हें मनीष चौहान के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं, नाहिद हसन पक्ष के मुरसलीन ने सपा नेता एवं एमएलसी वीरेंद्र सिंह, उनके बेटे मनीष चौहान तथा चेयरमैन वाजिद हसन उर्फ बबला के खिलाफ तहरीर देकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
बुधवार दोपहर कांधला थाने पहुंचे चेयरमैन हाजी वाजिद हसन उर्फ बबला ने तहरीर देकर बताया कि वह जिला पंचायत वार्ड-14 से सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह के बेटे मनीष चौहान (मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष) के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी वार्ड से कैराना से सपा विधायक नाहिद हसन की बहन इकरा हसन भी चुनाव लड़ रही हैं।
आरोप है कि विधायक नाहिद हसन उन्हें मनीष के पक्ष से हटाना चाहते हैं, जिसे लेकर धमकी दी जा रही हैं। मंगलवार रात विधायक ने चेयरमैन के फोन पर कॉल कर उन्हें धमकाया। रात करीब साढ़े 12 बजे नाहिद हसन, अपनी मां पूर्व सांसद तबस्सुम हसन, मामा तारिक जंग दर्जनों समर्थकों के साथ उनके आवास पर पहुंचे। गाली-गलौज कर जान से मारने की नीयत से फायर किया, जिसमें उन्होंने घर में घुसकर जान बचाई। वाजिद हसन ने विधायक, उनकी मां तथा मामा के खिलाफ कार्रवाई कराने और अपनी जान की सुरक्षा की मांग पुलिस से की।
उधर, दोपहर बाद कांधला निवासी मुरसलीन ने तहरीर देकर बताया कि वह जिला पंचायत वार्ड-14 से इकरा हसन के समर्थन में प्रचार कर रहा है। आरोप है कि बुधवार सुबह एमएलसी वीरेंद्र सिंह, उनके बेटे मनीष चौहान और कांधला चेयरमैन हाजी वाजिद हसन उर्फ बबला समर्थकों सहित उसके घर पहुंचे और उसे इकरा के समर्थन में चुनाव से रोकने को धमकी दी।