झिंझाना/बिडौली। ऊर्जा निगम के झिंझाना देहात के अवर अभियंता प्रेम सिंह को फोन कर एक व्यक्ति ने बिजली नहीं देने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। मामले की ऑडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। पीड़ित अवर अभियंता ने कैराना कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अवर अभियंता प्रेम सिंह ने तहरीर में बताया कि 15 जुलाई की रात करीब साढ़े दस बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने 12 से अधिक बार फोन किया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि विभागीय नंबर पर भी कॉल कर धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी युवक पावटी कलां का रहने वाला है और खुद को भाजपा से जुड़ा बता रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।