शामली। जिला मुख्यालय पर 17 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से जवाहर नवोदय विद्यालय बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन इसके लोकार्पण का इंतजार अभी इंतजार करना पड़ेगा। संभावना की जा रही है कि कोरोना कर्फ्यू खत्म होने के बाद लोकार्पण की तिथि घोषित हो सकती है।
पूर्वी यमुना नहर के किनारे भैसवाल गांव के जंगल में नवीन मुख्यालय पर 21.5 एकड़ भूमि जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए आरक्षित की गई थी। निर्माण एजेंसी टेलीकाम प्राईवेट लिमिटेड टीसीआईएल ने वर्ष 2019 में भूमि पर कब्जा लेकर निर्माण कार्य शुरू किया था। तीन साल में निर्माण एजेंसी ने जवाहर नवोदय विद्यालय भवन, प्रधानाचार्य आवास कक्ष, 22 स्टाफ आवास क्वार्टर, 96 बालिका क्षमता और 192 बालक क्षमता का छात्रावास, किंचन, बिजलीघर, चाहरदीवारी, सीसी सड़कें, बालक-बालिका बास्केट खेल मैदान बनकर तैयार हो चुका है। निर्माण एजेंसी के परियोजना प्रबंधक उपेंद्र कुमार ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय भवन का शत-प्रतिशत निर्माण पूरा हो गया है। कोरोना कर्फ्यू खत्म होने के बाद आगरा से जवाहर नवोदय विद्यालय समिति लोकार्पण कार्य की तिथि घोषित कर देगी।
करण सिंह नए प्रधानाचार्य बने
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य वीसी पंत प्रोन्नत होकर नोएडा चले गए हैं। नोएडा में जवाहर नवोदय विद्यालय समिति में सहायक आयुक्त बन गए हैं। मुजफ्फरनगर जिले के बघरा जवाहर नवोदय विद्यालय के उपप्रधानाचार्य करण सिंह को प्रधानाचार्य पद का कार्यभार दिया गया है।