श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रंग बिरंगी रोशनी से सजा श्री सत्यनारयण मंदिर।
- फोटो : SHAMLI
दो दिन मनाई जाएगी जन्माष्टमी
शामली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां के मद्देनजर शहर में मंदिरों को सजा दिया गया है।
हनुमान धाम के प्रधान सलील द्विवेदी ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मंगलवार तथा बुधवार को मनाई जाएगी। दोनों दिन मंदिरों में पुजारियों द्वारा ठाकुर का अभिषेक, पूजन कराया जाएगा। मंदिरों की सजावट कर दी गई है। पंजाबी कालोनी के प्रसिद्ध पंडित कथा वाचक दिनेश पाठक ने बताया कि श्रीकृष्ण का जन्म रोहिणी नक्षत्र में हुआ था। रोहिणी नक्षत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाए जाने की मान्यता है, लेकिन 11- 12 अगस्त को रोहिणी नक्षत्र का संयोग नहीं बन रहा है। ज्योतिषाचार्य के मुताबिक गृहस्थियों के लिए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार अष्टमी तिथि यानी 11 अगस्त को मनाना उचित है, जबकि साधु-सन्यासी 12 अगस्त को व्रत रखकर मनाएंगे। इसी दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। श्रीरघुनाथ मंदिर में 11 व 12 अगस्त को कान्हा जी का अभिषेक होगा। श्रद्धालु अपने घरों में व्रत रखकर पूजा-अर्चना करेंगे। पवन बजरंगी के मुुताबिक शहर के बुढ़ाना रोड स्थित बलभद्र मंदिर में 11व 12 अगस्त को श्रीकृष्ण अष्टमी और जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर को रंगबिरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है।
- 11अगस्त में व्रत करने वालों के लिए पूजा-आरती का शुभ मुहूर्त रात 11.36 बजे से 12.22 बजे तक।
-12 अगस्त में जन्माष्टमी व्रत करने वालों के लिए पूजा आरती का शुभ मुहूर्त रात 12.05 बजे से 12.46 बजे तक रहेगा।