शामली मेरठ करनाल मार्ग पर वाहनो से लगा जाम
- फोटो : SHAMLI
मेरठ-करनाल हाईवे पर दिनभर लगा रहा जाम
शामली। भैयादूज के दिन शहर में मेरठ-करनाल हाईवे दिनभर जाम से जूझता रहा। जाम की वजह से लोग परेशान रहे। शहर के बीच हाईवे पर दो वाहन खराब हुए, जबकि एक स्थान पर पलटी पिकअप ने यातायात व्यवस्था बाधित रही। दिनभर यातायात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करते रहे।
सोमवार को भैयादूज पर वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण शहर के बीच से गुजरने वाले मेरठ-करनाल हाईवे पर पूरे दिन जाम के हालात बने रहे। सुबह रेलवे फाटक के निकट सब्जी से लदी पिकअप पलट गई। यातायात पुलिस ने उसे खाली कराकर सड़क से हटवाया। दोपहर में बलभद्र मंदिर के निकट ट्रक खराब हो गया, जिससे यातायात बाधित रहा। इसके बाद विजय चौक पर ट्रक खराब हो गया। इसके चलते शहर में जाम में फंसने की वजह से लोग परेशान रहे। जाम को देखते हुए दोपहर में यातायात पुलिस ने झिंझाना के निकट गाड़ी वाला चौराहा और कैराना से भारी वाहनों का रूट डायवर्जन कर कांधला मार्ग से निकाला। इसके बाद भी यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं आया।
उधर, पानीपत खटीमा मार्ग पर लालुखेड़ी से बुटराड़ा चौराहे तक भारी वाहनों का जाम लगा रहा। जाम के कारण चालक अपने वाहनों को गांवों के रास्ते से निकालने को मजबूर रहे। जिला यातायात प्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि भैयादूज पर वाहनों की संख्या ज्यादा होने से सड़कों पर भीड़ रही। भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहकर यातायात व्यवस्था बनाने में लगे रहे। शहर में मेरठ-करनाल हाईवे पर दो स्थानों पर वाहन खराब होने और फाटक के निकट पिकअप पलट गई थी, जिन्हें मौके पर पहुंचकर हटवाया गया। इसके अलावा गाड़ी वाला चौराहा और कैराना से भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया।