शामली। शहर में शुक्रवार को भीषण जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय ट्रेन जाने के बाद धीमानपुरा रेलवे फाटक से लेकर वर्मा मार्केट, मिल रोड, गुरुद्वारे के पास करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा। जाम से बचने के लिए वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सहारनपुर से दिल्ली को जाने वाली ट्रेन रवाना हुई तो धीमानपुरा रेलवे फाटक के पास चालकों में वाहनों को एक दूसरे से आगे निकालने की होड़ मच गई। नतीजन धीमानपुरा रोड, वर्मा मार्केट, मिल रोड, शिव चौक पर जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम से बचने के लिए वाहन चालक गली-मोहल्लों की ओर मुड़ गए, जिससे बड़ा बाजार, आदर्श मंडी थाना रोड और अन्य बाजार क्षेत्र में भी जाम जैसे हालात बन गए। बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए आम नागरिकों ने वहां से गुजरने से भी परहेज किया।
व्यापारियों का कहना है कि आए दिन लगने वाले जाम से कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। व्यापारी अंकित जैन ने बताया कि जहां पहले रोजाना दस हजार रुपये तक की बिक्री होती थी, वह घटकर नाममात्र ही रह गई है।
डॉ. अर्जुन वर्मा ने बताया कि आए दिन धीमानपुरा फाटक बंद होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे लोगों और आम लोगों को परेशानी होती है।
व्यापारी राजकुमार वर्मा ने कहा कि शहर में पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने के कारण लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम की समस्या और बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि जाम की समस्या को लेकर कई बार जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जाम की समस्या से निपटने के लिए योजना तैयार की जा रही है। जल्द ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर शहर को जाम से राहत दिलाई जाएगी। लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
— नरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी