जलालाबाद निवासी आसिफ खान का फाइल फोटो।
जलालाबाद (शामली)। जलालाबाद के युवक की सऊदी अरब में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कस्बे के मोहल्ला खैरादियान निवासी 32 वर्षीय आसिफ खान पुत्र वहीद खान सऊदी अरब की एक कंपनी में काम करता था। लगभग एक वर्ष पूर्व वह सऊदी अरब गया था। शुक्रवार की छुट्टी के बाद शनिवार को आसिफ कंंपनी में ड्यूटी पर गया था। ड्यूटी के दौरान ही अचानक उसकी छाती में तेज दर्द शुरू हो गया। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना अपने अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे डाॅक्टरों ने जांच की लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। कंपनी प्रबंधन द्वारा युवक की मौत की सूचना परिजनों को दी गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आसिफ के शव को जलालाबाद लाने का प्रयास कर रहे हैं। युवक के परिचितों ने सऊदी में स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया है।