- जिले में गेहूं खरीद बढोत्तरी के शासन और प्रशासन के तमाम प्रयास विफल
- गांव स्तर खरीद योजना हुई धडा़म, 20 मई तक 12604 क्विंटल गेहूं की हुई खरीद
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शासन की तरफ से जारी किया गया तीन लाख क्विंटल जिले में गेहूं की खरीद का लक्ष्य इस बार भी पूरा होना कठिन लग रहा है। ग्राम पंचायत स्तर गेहूं खरीद योजना भी सफल नहीं हो पाई है। ग्राम पंचायत स्तर पर गेहूं का एक दाना भी नहीं खरीदा गया है। जिले में 27 खरीद केंद्रों में तीन लाख क्विंटल गेहूं खरीद के सापेक्ष 12604 क्विंटल गेहूूं खरीद पाया है। पिछले साल जिले की खरीद एजेंसी 13692 क्विंटल खरीद पाई थी।
एक जमाना था जिले के किसानों से अच्छी खासी गेहूं की खरीद हो जाती थी। वर्ष 2019-20 के बाद जिले में किसानों से गेहूं की खरीद बढ़नी शुरू हो गई। विपणन विभाग के आंकडों के मुताबिक वर्ष 2019-20 में 85 हजार क्विंटल, वर्ष 2020-21 में एक लाख 78 हजार क्विंटल, वर्ष 2021-22 में दो लाख 60 हजार क्विंटल अच्छा खासा गेहूं की खरीद हो पाई है। पिछले दो सालों से जिले में गेहूं खरीद का ग्राफ गिरा है। गेहूं खरीद होने का ग्राफ गिरने का कारण पिछले दो सालो में खरीद केंद्रों पर सरकारी भाव कम होना और बाजार भाव ज्यादा माना जा रहा है। इस साल भी गेहूं का सरकारी भाव 2125 रुपये प्रति क्विंटल और बाजार भाव 2200 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल रहा है। सरकारी केंद्रों पर आम किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचा।
समिति के तमाम प्रयासों के बावजूद किसान बहुत कम गेहूं लेकर केंद्रों पर पहुंचा है। विपणन विभाग के आंकडों के मुताबिक जिले के 27 खरीद केंद्रों पर सिर्फ 12 हजार 604 क्विंटल गेहूं की खरीद पाई है। बेमौसम बरसात होने से जिले में गेहूं की पकी हुई फसल प्रभावित हुई । बाद में शासन ने मौसम में खराब हुई गेहूं की फसल को कटौती के साथ शासन ने गेहूं खरीदने बाद में बिना कटौती के खराब सारा गेहूं खरीदने के आदेश जारी किए। आखिर में शासन ने गांव स्तर पर गेहूं खरीद के लिए ग्राम पंचायत को 100 क्विंटल गेहूं खरीदने की सूचना केंद्र प्रभारियों को दिए जाने का फरमान जारी हुआ। लेकिन तब भी गेहूं खरीद का ग्राफ नहीं बढ़ पाया है।
बोनस योजना भी रही फेल
मुजफ्फरनगर-शामली के डिप्टी आरएम ओ कमलेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन ने गेहूं खरीद बढ़ाने के लिए ग्राम पंचायत को 100 क्विंटल गेहू खरीद की सूचना दिए जाने पर ग्राम पंचायत को 27 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिए जाने की घोषणा की गई थी। लेकिन जिले की एक भी ग्राम पंचायत गेहूं खरीद की सूचना केंद्र प्रभारी को नहीं दे पाई है। ऐसे में निर्धारित तीन लाख क्विंटल गेहूं खरीदने का लक्ष्य इस साल पूरा होना संभव नहीं हैै। हालांकि पिछले सालों के अपेक्षा इस साल थोडी गेहूं खरीद बढ़ जाएगी।
जिले में पिछले सालो का गेहूं खरीद का आंकड़ा
वर्ष गेहूं खरीद का आंकड़ा क्विंटल में
वर्ष - 2019-20 - - 85 हजार क्विंटल
वर्ष- 2020-21- - एक लाख 78 हजार क्विंटल
वर्ष -2021-22- - दो लाख 60 हजार क्विंटल
वर्ष 2022-23- - 13हजार 692 क्विंटल
वर्ष 2023-24- -12 हजार 604 किंवटल
नोट- 20 मई 2023 तक आधारित आंकडा-