संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। समाजवादी पार्टी के विधायक की बहन इकरा हसन ने रामड़ा गांव में प्रस्तावित पानी की टंकी के विरोध में कई ग्रामीणों के साथ तहसील में एसडीएम से शुक्रवार को मुलाकात की। उन्होंने एसडीएम को पत्र देकर टंकी को पथवारा की भूमि के बजाय नवीन परती की भूमि पर बनवाने की मांग की।
सपा विधायक नाहिद हसन की बहन इकरा हसन क्षेत्र के गांव रामड़ा निवासी दर्जनों ग्रामीणों के साथ तहसील मुख्यालय पर पहुंचीं। उन्होंने एसडीएम को पत्र दिया। उसमें बताया कि रामड़ा में शासन द्वारा पानी की टंकी स्वीकृत की गई है। आरोप है कि ग्राम प्रधान प्रस्तावित टंकी का निर्माण पथवारा की भूमि में कराना चाहती है। इसके लिए जबरदस्ती जेसीबी से पथवारा की भूमि को बिस्मार कर दिया है। गरीबों के बिटौड़े आदि नष्ट कर दिए गए हैं। जिस कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि गांव में पथवारा की भूमि ग्रामवासियों के लिए आरक्षित है। वहीं, नवीन परती की भूमि खाली पड़ी है। उन्होंने पथवारा की भूमि के बजाय नवीन परती की भूमि पर टंकी का निर्माण कराए जाने की मांग की है।