शामली। यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं का अंकपत्र व प्रमाणपत्र का इंतजार शनिवार को खत्म हो गया है। सोमवार से सभी विद्यालयों को अंकपत्र व 9वीं और 11वीं के पंजीकरण पत्र वितरित कर दिए जाएंगे। वहीं हाईस्कूल के विद्यार्थियों को अभी इंतजार करना होगा।
जनपद में यूपी बोर्ड इंटर में लगभग 11 हजार छात्र-छात्रा उत्तीर्ण हुए थे। इंटर पास परीक्षार्थी पिछले 45 दिनों से अंकपत्र व प्रमाण पत्र का इंतजार कर रहे थे, जिसकी जरूरत उन्हें उच्च शिक्षा और डिग्री कॉलेजों में प्रवेश के लिए थी। सभी का इंतजार शनिवार को समाप्त हो गया है, डीआईओएस कार्यालय में सभी 111 कॉलेजों के इंटर के अंकपत्र व साथ में कक्षा नौवी और 11वीं के पंजीकरण पत्र पहुंच गए है। डीआईओएस ने सभी विद्यालयों के प्रधानायार्यों को कार्यालय से अंक पत्र ले जाकर जल्द से जल्द छात्र-छात्राओं को सूचित कर वितरित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं को अंकपत्र के लिए अभी इंतजार करना होगा।
बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय से इंटर के अंकपत्र का बंडल प्राप्त हुआ है। प्रधायाचार्यों को बंडल प्राप्त कर वितरित करने को कहा गया है। जल्द ही हाईस्कूल के अंकपत्र की आपूर्ति होने की संभावना है। सभी छात्र-छात्राओं को अंकपत्र विद्यालय से ही मिलेंगे।
-जेएस शाक्य, डीआईओएस शामली