जिले के माहौल पर खुफिया तंत्र की नजर
शामली। अयोध्या प्रकरण में नवंबर माह में संभावित फैसला आने को लेकर जनपद में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने में पुलिस पूरी तरह से जुटी हुई है। शहर, कस्बों और गांवों में पुलिस लोगों से संपर्क कर मोबाइल नंबर जुटा रही है और लोगों से शांति सौहार्द कायम रखने के लिए कहा जा रहा है। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए साइबर सेल केे अलर्ट किया गया है। वहीं, खुराफात करने और अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों पर खुफिया तंत्र सक्रिय किया गया है।
अयोध्या प्रकरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई पूरी होने के बाद इस महीने फैसला आने के चलते पुलिस-प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों में जुटा हुआ है। इसके लिए पुलिसकर्मियों को शस्त्रों की साफ-सफाई करने के साथ ही ट्रायल किया जा रहा है। थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों से भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की बात कही जा रही है। साथ ही इस बात पर जोर दिया रहा है कि किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दे और कोई माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसे असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की जा सके।
सोशल मीडिया की निगरानी को साइबर सेल अलर्ट
सोशल मीडिया फेसबुक, व्हाटसएप ग्रुप, इंस्टाग्राम आदि पर किसी तरह की भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट पर नजर रखने के लिए जनपद में साइबर सेल को अलर्ट कर दिया गया है। साइबर सेल विवादित या आपित्तजनक पोस्ट डालने वालों पर नजर रखेगी और तत्काल कार्रवाई करेगी।
खुराफातियों पर खुफिया तंत्र की नजर
जनपद में माहौल खराब करने वाले खुराफातियों और असामाजिक तत्वों पर खुफिया विभाग की नजर गड़ी है। एलआईयू व अन्य खुफिया एजेंसियों को जनपद में सक्रिय किया गया है। खुफिया टीमों लगातार शहरों, गांव और कस्बों पर नजर रखे हुए है।
ग्राम प्रहरियों और सुरक्षा मित्रों से मंत्रणा
शामली। रविवार को दिल्ली रोड स्थित बैंक्वट हॉल में ग्राम प्रहरियों और सुरक्षा मित्रों की बैठक लेकर एसपी अजय कुमार ने कहा कि अयोध्या मामले में शीर्ष अदालत के फैसले का सभी लोगों को सम्मान करते हुए शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्व शरारत करने, अफ़वाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित कर लिया गया है। ऐसे लोगों को पुलिस द्वारा पहले से ही रडार पर रखा जा रहा है। उन्होंने ग्राम प्रहरियों और सुरक्षा मित्रों से कहा कि वे सतर्क रहे। इस दौरान अगर कोई अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते है तो उसकी सूचना किसी भी माध्यम से पुलिस प्रशासन को देकर शांति व्यवस्था बनाने में सहयोग करें। इस अवसर पर एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्वत, सीओ सिटी जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
शामली दिल्ली रोड पर आयोजित शान्ती समिति की बैठक मे भाग लेते ग्राम प्रहरी- फोटो : SHAMLI