शामली। जिला अस्पताल में आधुनिक इंटीग्रेटेड हेल्थ लैब बनाई जाएगी। इसके लिए निर्माण कार्य शुरू हो गया। शासन ने यूपी प्रोजेक्टस कारपोरेशन लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया है। आधुनिक लैब के शुरू होने पर अस्पताल में इलाज के लिए होने वाली सभी जरूरी लगभग 200 तरह की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। कार्यदायी संस्था लैब का निर्माण कार्य छह माह में पूरा करेगी।
प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रा स्ट्रक्चर मिशन के तहत जिला अस्पताल में डिस्टि्रक्ट इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब बनाया जाना प्रस्तावित है। आधुनिक लैब के निर्माण का कार्य यूपी प्रोजेक्टस कारपोरेशन लिमिटेड को सौंपा गया है। शासन ने कार्यदायी संस्था को तीन माह पहले 70.97 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की जा चुकी है। कार्यदायी संस्था ने लैब के लिए जिला अस्पताल में भूमि उपलब्ध कराने की मांग की थी। आधुनिक लैब का निर्माण करीब 300 वर्ग भूमि में किया जाएगा। वर्तमान में चल रही लैब के आसपास के तीन कमरों को मिलकर आधुनिक लैब के लिए जगह चयनित की गई है। कमरों के बीच की दीवारों को हटाकर नए सिरे से आधुनिक लैब तैयार की जाएगी।
कार्यदायी संस्था ने लैब का निर्माण शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि इंटीग्रेटेड हेल्थ लैब के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था को जगह उपलब्ध करा दी गई है। संस्था ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। वर्तमान में चल रही पैथोलोजी लैब को वार्ड में अस्थाई तौर पर शिफ्ट किया गया है।
मरीजों को 200 तरह की जांच की मिलेगी सुविधा
जिला अस्पताल में अभी तक बुखार, यूरिन, हेपेटाइटिस बी व सी की कार्ड से जांच, सीबीसी, हीमोग्लोबीन, ब्लड ग्रुप आदि सामान्य जांचें ही हो पा रही है। चीफ फार्मासिस्ट ताहिर बेग ने बताया आधुनिक लैब बनने के बाद अस्पताल में इलाज के लिए सभी जरूरी जांच लगभग 200 तरह की जांच की सुविधा मरीजों को मिलेगी। इनमें गुर्दे, लीवर, लिपिड प्रोफाइड, यूरिक एसिड, थायराइड, हेपेटाइटिस बी व सी के वायरल लोड आदि जांच होगी।