संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। तहसील क्षेत्र के किसान सम्मान निधि के पात्रों के सत्यापन के लिए बैठक हुई। इस दौरान गांवों के राशन डीलरों, ग्राम पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों व कृषि विभाग के अधिकारियों को उनके क्षेत्र के किसानों का सत्यापन करने के निर्देश दिए।
तहसील क्षेत्र के हजारों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभांवित होते हैं। सूची में कुछ लाभार्थियों के सामने उनके पिता का नाम नहीं होने व एक ही गांव में उसी नाम के दो या तीन लाभार्थी होने के कारण कुछ लाभार्थियों को दो बार योजना का लाभ मिल जाता था। जिसके लिए शासन के निर्देश पर बुधवार को तहसील सभाकक्ष में एसडीएम शिवप्रकाश यादव की अध्यक्षता में गांवों के राशन डीलरों, ग्राम सचिव, ग्राम प्रधानों व हलका लेखपालों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।
इस दौरान एसडीएम ने बताया कि किसान सम्मान निधि के पात्रों की सूची में एक ही किसान का दो बार नाम दर्ज होने व उसके नाम के आगे पिता का नाम दर्ज नहीं होने के कारण किसान दो बार योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इसके लिए गांवों के पात्र किसानों का सूची के आधार पर सत्यापन कराया जाएगा। जिसमें राशन डीलर, गांव सचिव, ग्राम प्रधान से किसान के पिता का नाम, जमीन, परिवार की स्थिति, उसके रहने के स्थान के बारे में जानकारी एकत्र कर सूची अपडेट की जाएगी। इस अवसर पर तहसीलदार प्रियंका जायसवाल व राजस्व टीम मौजूद रही।