कंटेनमेंट जोन से बाहर आने वालों पर मुकदमे के निर्देश
थानाभवन। शामली डीएम ने थानाभवन में कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण करते हुए जोन से बाहर निकलने वाले लोगों पर मुकदमा दर्ज करने के पुलिस को आदेश दिए। डीएम ने नगर पंचायत कर्मचारियों को सैनिटाइज व फागिंग की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए भी दिशा निर्देश जारी किए।
शामली डीएम जसजीत कौर, एसपी शामली विनीत जायसवाल के साथ कस्बा थानाभवन में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद कस्बे में बनाए गए पांच कंटेनमेंट का निरीक्षण करने पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कंटेनमेंट जोन में मौजूद लोगों से खाद्य सामग्री आदि की आपूर्ति के बारे में जानकारी ली और लोगों को कंटेनमेंट जोन में अपने घरों में ही रहने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी सबसे पहले मोहल्ला रोगन ग्रान में बने कंटेनमेंट जोन में पहुंची जहां उन्होंने सीलिंग की व्यवस्था को देखकर अधिशासी अधिकारी मेघा गुप्ता को कंटेनमेंट जोन में हर रोज सैनिटाइज कराने व कस्बे में फागिंग व्यवस्था व साफ सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के आदेश दिए। इसके बाद मोहल्ला कानून गोयान में बने कंटेनमेंट जोन में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोरोना पॉजिटव व्यक्ति के कंटेनमेंट जोन से बाहर आकर घूमने पर नाराजगी जाहिर करते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को नियमों का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि महामारी की गंभीरता को समझें। मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग आदि नियमों का कड़ाई से पालन करें। बिना किसी कारण घर से बाहर ना निकलें और सरकार द्वारा जारी किए गए दिशा निर्देशों का पालन करें।
जिला अधिकारी जसजीत कौर थानाभवन में निरीक्षण करने के बाद क्षेत्र के ही गांव हरड़ फतेहपुर में बनाए गए कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान जिला अधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक शामली विनीत जायसवाल, थानाभवन बीडीओ डॉ पंकज कुमार, थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा, सभासद नीरज गोयल, सभासद प्रेमचंद आदि मौजूद ेरहे।