शामली। जिला पंचायत के सभागार में मंगलवार को स्वास्थ्य समिति की बैठक में टीकाकरण कम होने पर जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने नाराजगी जाहिर की। कार्य में लापरवाही पर सिक्का में तैनात सीएचओ की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की एजेंडा बिंदु के अनुसार समीक्षा करते हुए जिन विभागीय कार्यक्रमों में प्रगति खराब पाई गई, उसमें सुधार करने के निर्देश दिए। डीएम ने कांधला और ऊन में टीकाकरण की उपलब्धि कम होने के साथ ही ऊन व कैराना में टीकाकरण का सुपरविजन कम होने पर नाराजगी जताई। टीकाकरण की उपलब्धि कम होने पर बीपीएम अधिकारी कैराना को नोटिस के निर्देश दिए। विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिला क्षय रोग अधिकारी को टीबी माइक्रोप्लान की पूर्ण जानकारी न होने पर नाराजगी जताई। साथ ही सीडीओ ऑफिस में बने कंट्रोल रूम से टीबी कार्यक्रम की मॉनिटरिंग हेतु निर्देशित किया । डीएम ने अधिक से अधिक उपकेंद्रों को डिलीवरी प्वाइंट में तैयार करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में सीएमओ कार्यालय के एनएचएम एवं स्थापना बाबू के पटल परिवर्तन के भी निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने जिन सीएचसी पर मातृ मृत्यु हुई है किन कारण से हुई उसमें जांच के निर्देश दिए। समीक्षा में जननी सुरक्षा योजना में जहां भुगतान कम है वहां पर शत प्रतिशत भुगतान के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अनिल कुमार, सीएमएस डॉ. किशोर आहूजा, एसीएमओ अश्वनी शर्मा, अतुल बंसल, डॉ करन चौधरी आदि मौजूद रहे।