यूपी पुलिस के दरोगा का उपचार के दौरान निधन
गढ़ीपुख्ता (शामली)। क्षेत्र के गांव खेड़की निवासी यूपी पुलिस के दरोगा का निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनका करीब 10 दिन से उपचार चल रहा था। वे वर्तमान में मेरठ पुलिस लाइन में तैनात थे। उनके निधन की सूचना मिलने पर परिवार में गम का माहौल है।
गांव खेड़की निवासी 47 वर्षीय सुरेंद्र कुमार यूपी पुलिस में दरोगा थे। वर्तमान में उनकी तैनाती मेरठ पुलिस लाइन में थी। उनके भाई शिवम ने बताया कि वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे, जिनका उपचार चल रहा था। सीटी स्कैन में कोरोना संक्रमण होने का पता चलने पर उन्हें 11 मई को सहारनपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार शाम उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। दरोगा के निधन के बाद परिवार में उनकी पत्नी अनीता, बेटी शिवानी (16) व बेटा आशु(12) रह गए हैं। उनके निधन पर परिवार में गम का माहौल है।