शामली। डीएम जसजीत कौर ने यमुना नदी के चौतरा एवं कलरी में बाढ़ सुरक्षा कार्यों की पूर्ण हुई परियोजना का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं से परियोजना से संबंधित अभिलेख एवं ड्राइंग का अवलोकन किया। उन्होंने सभी नालों की सफाई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। काठा नाला एवं यमुना नदी के किनारे स्थित मार्जिनल तटबंध का जायजा लिया। उन्होंने ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता को खंड के समस्त नालों की सफाई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को डीएम जसजीत कौर व एसपी सुकीर्ति माधव ने काठा नाला एवं यमुना नदी के किनारे स्थित मार्जिनल तटबंध जनपद-शामली का आकस्मिक निरीक्षण किया। डीएम ने ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता संजय मैत्रेय से करनाल रोड क्रॉसिंग पर स्थित काठा नाला की सफाई का कार्य प्रगति ली। संजय मैत्रेय ने अवगत कराया गया कि काठा नाले की लंबाई 53.200 किमी है। 4.600 किमी से 23.600 किमी एवं 26.850 किमी से 53.200 किमी तक भाग में सफाई का कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। डीएम ने खंड के समस्त नालों की सफाई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने जिले में यमुना नदी के बाएं किनारे पर स्थित चौतरा एवं कलरी गांव में चार करोड़ 31 लाख 51 हजार रुपये की लागत की बाढ़ सुरक्षा कार्यों की पूर्ण हुई परियोजना निरीक्षण किया और अभियंताओं द्वारा प्रस्तुत परियोजना से संबंधित अभिलेख एवं ड्राइंग का अवलोकन किया। इस मौके पर हरदेव सिंह, गुरलाल सिंह (पूर्व प्रधान) एवं अन्य से भी डीएम ने वार्ता की। इस दौरान ग्रामवासियों द्वारा बताया गया कि परियोजना के निर्माण कार्य होने से उनके ग्राम को बाढ़ से सुरक्षा हो जाएगी। गांव को बाढ़ का कोई खतरा नही रहेगा। निरीक्षण के समय एसपी सुकीर्ति माधव, उप जिलाधिकारी, कैराना, अधिशासी अभियंता, ड्रेनेज खंड, शामली एवं संबंधित सहायक अभियंता, ड्रेनेज खंड, शामली आदि उपस्थित रहे।